अमित शाह के नाम से मंत्री को गया फर्जी फोन- पार्टी फंड के लिए दो तीन करोड़, जांच में हुए दो गिरफ्तार

 केंद्रीय गृह मंत्री और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के घर और ऑफिस से लैंडलाइन फोन के साथ छेड़खानी किए जाने का मामला सामने आया है। एक घोटाले को अंजाम देने से पहले ही दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। हरियाणा सरकार में मंत्री रंजीत सिंह को 20 दिसंबर को एक ऐप के जरिए कॉल किया गया। मंत्री को फोन करने वाले शख्स ने कहा कि अमित शाह ने पार्टी फंड के नाम पर 3 करोड़ रुपए मांगे हैं। इसके बाद रंजीत सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।इसके साथ ही मामले की जानकारी मिलने के बाद गृह मंत्री शाह के ओएसडी सतीश कुमार ने भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। जिस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों लगों को गिरफ्तार किया है। हालांकि, पुलिस की स्पेशल सेल ने इन दोनों लोगों की भूमिका का खुलासा अभी नहीं किया है, लेकिन उनके साथ पूछताछ जारी है। बताया जा रहा है कि दिल्ली पुलिस ने उनकी शिनाख्त जगतार सिंह (42) और उपकार सिंह (47) के रूप में की है। दिल्ली में ठगी से जुड़े कई मामले सामने आते रहे हैं।पुलिस ने बताया कि मामला उस वक्त प्रकाश में आया, जब रंजीत सिंह चौटाला को क्रेजी कॉल नाम के ऐप के जरिये फोन आया था। यह ऐप भारत में प्रतिबंधित है। मंत्री जी को इस व्यक्ति ने कई बार फोन करके खुद को वरिष्ठ पार्टी अधिकारी बताया। उसने कथिततौर पर तीन करोड़ रुपए पार्टी फंड में जमा करने की बात कही। उसने दावा किया था कि वह शाह के आवास कृष्ण मेनन मार्ग से बोल रहा है। मगर, बार-बार फोन आने पर चौटाला को संदेह हुआ। इसके बाद उन्होंने शाह के ओएसडी से बात की, तो पता चला कि वहां से कोई फोन नहीं किया गया था। इसके बाद ओएसडी ने दिल्ली के पुलिस कमिश्नर अमूल्य पटनायक से बात की।